Wednesday, July 15, 2009

मैं अच्छा डांसर हूं: अक्षय कपूर | मुलाकात

वर्ष 2006 में अलग फिल्म से अक्षय कपूर को अच्छी पहचान मिली, लेकिन निजी परेशानियों की वजह से उन्हें अचानक ग्लैमर व‌र्ल्ड से दूर होना पड़ा। यही वजह है कि उनकी अगली फिल्म के प्रदर्शन में तीन वर्ष का लंबा गैप हो गया। अक्षय की इस वर्ष दो फिल्में, अंजुम रिजवी की फास्ट फारवर्ड और विक्रम भट्ट की थ्री प्रदर्शित होंगी। प्रस्तुत है, युवा अभिनेता अक्षय कपूर से बातचीत।
अलग के बाद आप अचानक कहां चले गए थे?
मेरी तबियत खराब हो गई थी। उसके प्रदर्शन के तुरंत बाद मुझे चार बार टाइफाइड और दो बार जॉन्डिस हुआ। मैं शारीरिक रूप से कमजोर हो गया था। विदेश गया और वहां इलाज करवाया। वर्ष 2007 में अंजुम रिजवी का फास्ट फारवर्ड फिल्म मिली।
फास्ट फारवर्ड के बारे में बताएं।
यह डांस पर आधारित फिल्म है। इसकी कहानी दो दोस्तों की है। दोनों डांसर हैं। उनकी ख्वाहिश फेमस कोरियोग्राफर बनना है। दोनों अपनी मंजिल तक कैसे पहुंचते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। फिल्म में दोस्ती, प्रेम, तकरार जैसे कई इमोशंस हैं। मैं सनी की भूमिका निभा रहा हूं। सनी बदमाश है, लेकिन वह दिल का नेक है। मेरे साथ फिल्म में विनोद खन्ना, रेहान खान, भावना पानी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
इसमें किस तरह का डांस देखने को मिलेगा?
हिप-हॉप डांस। यह डांस की मुश्किल विधाओं में से एक है। अन्य कलाकारों ने शूटिंग से पहले दो महीने तक इसका प्रशिक्षण लिया। मुझे अधिक तैयारी नहीं करनी पड़ी। मुझे डांस करने में मजा आता है। अलग फिल्म के बाद लोग जान गए हैं कि मैं अच्छा डांसर हूं।
कल किसने देखा में आप छोटे रोल में दिखे?
मैंने वह फिल्म निर्देशक विवेक शर्मा की वजह से की थी। मैं उनके साथ काम करना चाहता था। मेरी वह इच्छा पूरी हो गई। मुझे फिल्म के परिणाम या अपनी भूमिका के छोटे किए जाने का कोई दुख नहीं है।
विक्रम भट्ट की थ्री में आप किस अंदाज में दिखेंगे?
यह सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है। पहले इसका नाम पर्पल लेक था। मेरे अलावा इसमें आशीष चौधरी और नौशीन हैं। हम तीनों के इर्दगिर्द फिल्म की कहानी घूमती है। कहानी का खुलासा मैं अभी नहीं कर सकता। इतना जरूर कहूंगा कि मैं अपनी पिछली सभी फिल्मों से उसमें एकदम नए अंदाज में नजर आऊंगा।
कोई अन्य फिल्म साइन की है?
फिलहाल तो नहीं। मैं फास्ट फारवर्ड और थ्री के प्रदर्शन का इंतजार कर रहा हूं। इन फिल्मों से मुझे बहुत उम्मीद है। इनके प्रदर्शन के बाद मैं कोई नया प्रोजेक्ट लूंगा। यकीन है कि जल्द ही मेरा दिन आएगा।
-रघुवेन्द्र सिंह

1 comment:

अनिल कान्त said...

इनसे हुई बातचीत पसंद आई ...अक्षय कपूर का डांस अलग फिल्म में मैंने देखा है ...बहुत अच्छा डांस करते हैं