Thursday, July 9, 2009

सब कुछ पाया: उर्वशी शर्मा

उर्वशी शर्मा ने वर्ष 2007 में अब्बास-मस्तान की फिल्म नकाब से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उसके बाद वे बिग स्क्रीन से गायब हो गई। दो वर्ष के बाद उनकी फिल्म बाबर आ रही है। आजकल वे फिल्म को लेकर बिजी हैं। मुलाकात में उर्वशी ने बताया, फिल्म नकाब के बाद मुझसे लोगों की अपेक्षाएं बढ़ गई थीं। मैं ऐसी-वैसी फिल्म साइन करके दर्शकों को निराश नहीं करना चाहती थी। यही वजह है कि दूसरी फिल्म साइन करने में मुझे इतनी देर हुई। आशु त्रिखा की फिल्म बाबर की स्क्रिप्ट पढ़कर मुझे लगा कि यह मेरे करियर की दूसरी फिल्म हो सकती है। इसमें लोग मुझे नकाब की सोफिया के विपरीत अंदाज में देखेंगे।
बाबर रिअॅलिस्टिक फिल्म है। इसमें उर्वशी लखनऊ की मुसलिम लड़की बनी हैं। वे बताती हैं, पिछले वर्ष मैंने कलर्स के रिअॅलिटी शो फीअॅर फैक्टर में हिस्सा लिया था। उसमें आशु ने मुझे देखा। बिना मेकअप के मैं उन्हें अच्छी लगी। उन्हें मेरा रिअॅल लुक पसंद आया। शो से बाहर आने के बाद उन्होंने मुझसे संपर्क किया और बाबर की स्क्रिप्ट सुनाई। मुझे स्क्रिप्ट अच्छी लगी। मैंने उन्हें तुरंत हां कह दिया। सामान्य रूप से मैं किसी को जल्दी हां नहीं कहती। मैंने पहली फिल्म नकाब में लार्जर देन लाइफ किरदार निभाया था। बाबर में मुझे आम लड़की बनने का मौका मिल रहा था, जिसे गंवाना मैं नहीं चाहती थी।
आशु की फिल्म के लिए उर्वशी को काफी तैयारी करनी पड़ी? वे बताती हैं, रिअॅल विषय वाली फिल्म में किरदार की छोटी-छोटी बारीकियों पर ध्यान देना पड़ता है। रिअॅल लाइफ में मैं टॉम ब्वॉय हूं। उसके बाद मैं पंजाबी हूं। मेरी भाषा और पहनावा सब बिंदास है। लखनऊ की लड़की का किरदार निभाना मेरे लिए चुनौती था। किरदार के लिए मैंने सबसे पहले उर्दू सीखी, फिर तहजीब। ऐसा इसलिए, क्योंकि लखनऊ के लोग तहजीब के लिए जाने जाते हैं। उनका उठना-बैठना, बातचीत, सलाम-दुआ आदि में नजाकत नजर आती है। यह सब सीखना मेरे लिए मुश्किल रहा।
बाबर की कहानी उत्तर प्रदेश की अपराध जगत पर आधारित है। इसमें उर्वशी के साथ ओम पुरी, मिथुन चक्रवर्ती, सुशांत सिंह मुख्य किरदार निभा रहे हैं। बाबर का किरदार नए अभिनेता सोहम निभा रहे हैं। उर्वशी फिल्म की शूटिंग का अनुभव बांटती हैं, इसमें मैं ओम पुरी और मिथुन जी जैसे कलाकारों के साथ काम कर रही हूं। आशु जी शांत मिजाज के हैं। वे इत्मीनान से काम करते हैं। मैं शूटिंग को एंज्वॉय कर रही हूं।
उर्वशी ने एनकाउंटर फिल्म के निर्देशक अजय की नई फिल्म भी साइन की है। इसकी भी शूटिंग शुरू हो चुकी है। उसमें वे संजय दत्त, विनोद खन्ना और शबाना आजमी के साथ स्क्रीन शेयर कर रही हैं। उर्वशी बताती हैं, फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। उसके अलावा मैंने रेवती वर्मा की फिल्म आपके लिए हैं हम भी साइन की है। उसमें मैं जया बच्चन के साथ काम कर रही हूं। मैं अपने करियर की दशा और दिशा से प्रसन्न हूं। मैंने अपनी मेहनत से सब कुछ पाया है।
उर्वशी के लिए छोटे पर्दे का अनुभव रोमांचक रहा। वे कहती हैं, शो फीयर फैक्टर ने मुझे गांव-गांव में लोकप्रिय बना दिया है। उस शो की वजह से मुझे आशु की फिल्म मिली। मेरे पास यदि उसी तरह के टीवी शो का ऑफर आया, तो मैं जरूर करूंगी। मुझे टीवी शो में काम करने में आपत्ति नहीं है।
-रघुवेन्द्र सिंह

Wednesday, July 8, 2009

शूटिंग स्थगित कर अमर सिंह को देखने गयीं जया

मुंबई: जया बच्चन अपनी नई फिल्म आपके लिए हम की शूटिंग स्थगित कर अमर सिंह को देखने सिंगापुर रवाना हो चुकी हैं। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अमर सिंह सिंगापुर में अपनी किडनी का आपरेशन कराने गए हैं। एक सूत्र के मुताबिक जया बच्चन ने फिल्म की डायरेक्टर रेवती को शूटिंग के लिए 29 जून से 19 जुलाई तक डेट दी थी। आईफा पुरस्कार समारोह से वापस लौटने के बाद वह शूटिंग शुरू करने वाली थीं। लेकिन जब उन्हें पता चला कि जुलाई के दूसरे हफ्ते में अमर सिंह का आपरेशन होना है तो उन्होंने शूटिंग स्थगित करना बेहतर समझा। जया फिलहाल सिंगापुर में अमर सिंह के साथ हैं। उनका कहना है कि जब तक वह पूरी तरह ठीक नहीं होते, शूटिंग के बारे में सोच भी नहीं सकती। उन्होंने रेवती को शूटिंग की तारीख अगस्त में देने का आश्वासन दिया है। अमर सिंह सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ हास्पिटल एंड मेडिकल सेंटर में भर्ती हैं। उनके आपरेशन के दिन जया बच्चन के साथ अमिताभ, अभिषेक और ऐश्वर्या और संजय दत्त मौजूद होंगे।
-रघुवेन्द्र सिंह

Monday, July 6, 2009

आर जे बनेंगी मोना सिंह | खबर

मुंबई। थ्री इडियट्स के बाद मोना सिंह ने विराग मिश्रा की फिल्म एक भी गोली नहीं चली साइन की है। इस फिल्म में वे रेडियो जॉकी की भूमिका में नजर आएंगी। राजकुमार हिरानी की थ्री इडियट्स के बाद मोना की यह दूसरी फिल्म होगी। उनके ओपोजिट फिल्म में विनय पाठक हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक भी गोली नहीं चली फिल्म जाने भी दो यारों का मॉडर्न वर्जन है। विनय पाठक फिल्म में डॉन बने हैं, जबकि अभिनेत्री मोना सिंह आर जे की भूमिका निभा रही हैं। सतीश कौशिक भी इसमें डॉन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग अगस्त माह में शुरू होगी। विराग मिश्रा की यह पहली फिल्म है। गौरतलब है, विराग मिश्रा ने जिंदा, शूट आउट एट लोखंडवाला, संडे, दस कहानियां, वुडस्टॉक विला, मिशन इस्तानबुल फिल्मों के गीत लिखे हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में संजय गुप्ता की अलीबाग और एसिड फैक्ट्री हैं। विराग मिश्रा ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा, एक भी गोली नहीं चली सीरियस कॉमेडी फिल्म है। यह गैंगस्टर की कहानी है। निर्देशक के तौर पर यह मेरी पहली फिल्म है। विनय पाठक, मोना सिंह और सतीश कौशिक फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं। आगामी जनवरी माह तक फिल्म बनकर तैयार हो जाएगी।
-रघुवेन्द्र सिंह

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने नहीं दिया सम्मान: सतीश कौशिक | खबर

मुंबई। फिल्मकार एवं अभिनेता सतीश कौशिक को इस बात का गहरा दुख है कि भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। सतीश कौशिक के मुताबिक, मैंने 2007 में एक अंगे्रजी फिल्म ब्रिक लेन में काम किया था। उस फिल्म के प्रदर्शन के बाद विदेश के लोगों ने मुझे जो प्यार और इज्जत दी, उसे देखने के बाद मुझे लगा कि काश भारत के लोगों ने भी मुझे ऐसा ही सम्मान दिया होता। मैं पिछले पच्चीस वर्षो से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनय एवं निर्देशन कर रहा हूं, लेकिन यहां के लोगों ने मुझे कभी गंभीरता से नहीं लिया। सच्चाई तो यह है कि भारत में हास्य कलाकारों की इज्जत नहीं की जाती। लोग उन्हें हल्के से लेते हैं। महमूद और जॉनी वाकर को छोड़कर किसी हास्य कलाकार को लोगों ने गंभीरता से नहीं लिया। अजीब बात तो यह है कि परेश रावल जैसे कलाकार जब गंभीर काम करते हैं, तब उन्हें नोटिस किया जाता है। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय एवं फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट पुणे से अभिनय के गुर सीखने वाले सतीश कौशिक फिल्म मासूम से अभिनय के क्षेत्र में आए। रूप की रानी चोरों का राजा, प्रेम, हमारा दिल आपके पास है, मुझे कुछ कहना है और तेरे नाम सतीश कौशिक की बतौर निर्देशक उल्लेखनीय फिल्में हैं। कैलेंडर एवं पप्पू पेजर उनकी यादगार भूमिकाएं हैं। सतीश कौशिक आगे कहते हैं, मैंने फैसला किया है कि अब मैं गंभीर और पुख्ता काम करूंगा। तेरे संग फिल्म उस दिशा में मेरा पहला कदम है। मैं जल्द ही एक टीवी सीरियल में अभिनय करता नजर आऊंगा। इसके अलावा मैं इंटरनेशनल फिल्म रोड और विराग मिश्रा की एक फिल्म में काम कर रहा हूं। इन फिल्मों के प्रदर्शन के बाद मेरे प्रति लोगों की धारणा बदलेगी।
-रघुवेन्द्र सिंह

Saturday, July 4, 2009

नई मंजिलें छूने chali सोहा

नएपन की तलाश में सोहा अली खान अब छोटे पर्दे पर आ गई हैं। दरअसल वह फिल्मों में गंभीर और परिपक्व भूमिकाएं निभाकर थक चुकी हैं, इसलिए उन्होंने छोटे पर्दे पर आने का फैसला किया। सोहा कहती है, मैं काफी समय से नए काम के इंतजार में थी। तभी सिद्धार्थ बसु मेरे पास गेम शो गोदरेज खेलो जीतो जियो का प्रस्ताव लेकर आए। उन्होंने कहा कि यह फैमिली गेम शो है। इसके साथ सिर्फ आप न्याय कर सकती हैं। पहले तो मैंने उन्हें मना कर दिया, क्योंकि मैं खुद को अच्छी होस्ट नहीं मानती हूं। मैंने आजतक अपने घर में कभी कोई पार्टी होस्ट नहीं की। टेलीविजन पर गेम शो होस्ट करना मेरे लिए कठिन था। इस शो को मुझे शुद्ध हिंदी में होस्ट करना था। मैंने सुन रखा था कि शो के तीन एपीसोड की शूटिंग निर्माता एक दिन में करते हैं। दिलचस्प बात है कि बाद में इन्हीं चुनौतियों ने मुझे इस गेम शो का हिस्सा बनने के लिए विवश किया।
सोहा को गेम शो के जरिए अपने प्रशंसकों से मिलने एवं अपने बारे में उनकी निष्पक्ष राय को जानने का मौका मिल रहा है। स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले इस गेम शो की खासियत एवं इससे जुड़े अपने अनुभव के बारे में सोहा कहती हैं, गोदरेज खेलो जीतो जियो अपनी तरह का पहला गेम शो है। इसमें उम्र की कोई सीमा नहीं है। इसके विजेताओं को घरेलू इस्तेमाल के कीमती सामान मिलेंगे। यह भी संभव है कि विजेता को एक फ्लैट भी मिल जाए। मैं स्वयं तरह-तरह के गेम खेलने की शौकीन हूं, इसलिए शो को होस्ट करने में मुझे मजा आ रहा है। इसमें देश के कोने-कोने से लोग हिस्सा ले रहे हैं। इस शो के जरिए मैं सीख रही हूं कि अलग-अलग स्वभाव के लोगों को किस तरह हैंडल करना चाहिए। मेरे लिए शो का अनुभव सुखद और लाभप्रद है।
इस वक्त सोहा की जिंदगी में कई नई चीजें हो रही हैं। सोहा बताती है कि इस गेम शो के अतिरिक्त पहली बार मैं एक हॉरर फिल्म द एक्सीडेंट और एक रोमांटिक फिल्म तुम मिले में काम कर रही हूं। पहली बार अपनी मां के साथ मैं संगीता दत्ता की अंग्रेजी फिल्म लाइफ गोज ऑन में काम कर रही हूं। दिलचस्प बात यह है कि उस फिल्म में भी मां मेरी मां की भूमिका निभा रही हैं। लाइफ गोज ऑन में मुझे ओम पुरी और गिरीश करनाड जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ भी स्क्रीन शेयर करने का मौका मिल रहा है। हाल में उस फिल्म की शूटिंग पूरी करके विदेश से मैं लौटी हूं। मेरे लिए नए साल का आगाज अच्छा हुआ है। उम्मीद कर रही हूं कि दर्शकों को मुझे नए अंदाज में देखने पर खुशी मिलेगी।
-रघुवेन्द्र सिंह

Friday, July 3, 2009

Guess the name of This Actor..

hey Guys! Can you guess the name of This Actor?
Hint-His debut film was released last year.

माता-पिता से आगे निकलना चाहती है श्रुति | खबर

मुंबई। प्रसिद्ध अभिनेता कमल हासन की बेटी श्रुति हासन अभिनय के क्षेत्र में अपने पिता और मां सारिका से ऊंचा मुकाम हासिल करना चाहती हैं। श्रुति हासन के मुताबिक, मैं लकी हूं कि मेरा जन्म कमल हासन जैसे ग्रेट एक्टर के घर में हुआ, लेकिन बताना चाहती हूं कि मैं अपनी मां सारिका और पिता कमल हासन से अभिनय के टिप्स नहीं लेतीं। मैं उनकी फिल्में देखकर अभिनय जरूर सीखती हूं। दोनों अलग तरह के एक्टर हैं। मेरा लक्ष्य अभिनय के क्षेत्र में मां और पिता से ऊंचा मुकाम हासिल करना है।
श्रुति हासन बुधवार की शाम यहां अपनी पहली फिल्म लक के प्रमोशनल कार्यक्रम में शिरकत कर रही थीं। उन्होंने पहली स्टेज परफार्मेस दी। श्रुति ने फिल्म लक के टाइटल ट्रैक आजमा लक आजमा पर परफॉर्म किया। श्रुति हासन ने बातचीत में कहा, मैंने सोचा नहीं था कि मुझे एक फिल्म में अभिनय के साथ गीत गाने का मौका भी मिलेगा। मैं वाकई बहुत लकी हूं। लक में अभिनय के साथ मेरी गायन प्रतिभा का इस्तेमाल करने का विचार सोहम शाह का था। गौरतलब है सोहम शाह निर्देशित लक रोमांचक एक्शन थ्रिलर है। इस फिल्म से श्रुति हासन अभिनय में डेब्यू कर रही हैं। उन्होंने फिल्म के गीतों को अपनी आवाज भी दी है। वे बचपन से गायन में सक्रिय हैं। लक के प्रमोशनल कार्यक्रम में श्रुति हासन के साथ इमरान खान, रवि किशन, चित्राशी रावत, निर्देशक सोहम शाह और निर्माता ढिल्लन मेहता उपस्थित थे। श्रुति ने बताया कि वे पिता कमल हासन की ए वेडनेस डे फिल्म के तमिल संस्करण में संगीत दे रही हैं।
-रघुवेन्द्र सिंह