Thursday, April 16, 2009

आत्मकथा लिखेंगी किरण खेर | खबर

मुंबई। लोकप्रिय चरित्र अभिनेत्री किरण खेर अपने जीवन को पुस्तक में समेटने जा रही हैं। उन्होंने आत्मकथा लिखने का फैसला किया है।
किरण खेर ने कहा कि, मैं अपनी आत्मकथा लिखने जा रही हूं। मैं पिछले कई महीने से इस बारे में विचार कर रही थी, लेकिन अब मैंने इसकी शुरूआत करने का फैसला किया है। मेरी आत्मकथा अंग्रेजी भाषा में होगी। मैं अंग्रेजी में अपनी भावनाओं को सही तरीके से व्यक्त कर सकती हूं। मैं आत्मकथा में अपने जीवन को ईमानदारी से उद्घाटित करूंगी।
उल्लेखनीय है, किरण खेर गत पच्चीस वर्षो से अभिनय में सक्रिय हैं। उन्हें रितुपर्णो घोष की बंगाली फिल्म बाड़ीवाली के लिए वर्ष 2000 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। किरण खेर के पति अनुपम खेर ने कुछ वर्ष पहले अपनी आत्मकथा लिखने का फैसला किया था, लेकिन कुछ कारणों से वे लिख न सके। बाद में उन्होंने अपने जीवन पर आधारित नाटक कुछ भी हो सकता है लिखा। पिछले कुछ वर्षो से वे देश-विदेश में उस नाटक का सफलता से मंचन करते रहे हैं।
-रघुवेन्द्र सिंह

Tuesday, April 14, 2009

कंगना लांच करेंगी अपनी वेबसाइट | खबर

मुंबई। अभिनेत्री कंगना रानौत अपने प्रशंसकों से सीधा संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से अपनी वेबसाइट लांच करने जा रही हैं। उस वेबसाइट के जरिए लोग उनसे जुड़ी सच्ची जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, कंगना रानौत अपने बारे में समय-समय पर उद्घाटित होने वाली गलत खबरों से आजिज हो चुकी हैं। उन्हें मीडिया के बीच आकर बार-बार सफाई देनी पड़ती है। उसका हल निकालते हुए उन्होंने अपनी वेबसाइट लांच करने का फैसला किया है। उस वेबसाइट पर उनसे जुड़ी सही जानकारियां उपलब्ध होंगी। साथ ही, वे वेबसाइट के जरिए अपनी प्रतिदिन की गतिविधियों से प्रशंसकों को अवगत कराती रहेंगी।
कंगना रानौत की प्रवक्ता ने खबर की पुष्टि की। उन्होंने कहा, इस वक्त कंगना हैदराबाद में नागार्जुन के साथ अपनी पहली तेलुगू फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। माह के अंत में वे मुंबई वापस लौटेंगी। उसके बाद वे अपनी वेबसाइट लांच करेंगी।
-रघुवेन्द्र सिंह

Thursday, April 9, 2009

दो सेक्सी अभिनेत्रियों का रोमांस

नीतू चंद्रा और तनुश्री दत्ता की जोड़ी नई फिल्म अपार्टमेंट में दिखेगी। चर्चा है कि दोनों का रोल सफल फिल्म दोस्ताना के जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन जैसा है।
भिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम अभिनीत फिल्म दोस्ताना के बाद अब ऐसी ही कहानी वाली एक और फिल्म बनने वाली है। इस फिल्म में तनुश्री दत्ता और नीतू चंद्रा की जोड़ी बिग स्क्रीन को हॉट बनाएगी। यह जोड़ी मैग्ना फिल्म्स के बैनर तले बन रही जगमोहन मूंदड़ा की फिल्म अपार्टमेंट में दिखेगी। फिल्म में नीतू चंद्रा जहां गांव की लड़की की भूमिका में होंगी, वहीं तनुश्री दत्ता एयर होस्टेस की भूमिका में। पिछले दिनों फिल्म सिटी में तनुश्री और नीतू के बीच फिल्म के अत्यंत हॉट सीन की शूटिंग पूरी हुई। जब इस सीन की शूटिंग हो रही थी, उस वक्त निर्देशक ने स्टूडियो में मौजूद ज्यादातर लोगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। चर्चा है कि अपार्टमेंट अंग्रेजी फिल्म सिंगल व्हाइट फीमेल की रिमेक है। इस बात से इनकार करते हुए निर्माता नारी हीरा कहते हैं, यह किसी भी अंग्रेजी फिल्म की रिमेक नहीं है। हां, इसमें तनुश्री और नीतू केंद्रीय भूमिका में जरूर हैं और दोनों के बीच एक रहस्यमय कहानी चलती है, लेकिन यह बिल्कुल न सोचें कि इस फिल्म में वे दोनों लेस्बियन बनी हैं। दोनों के साथ वाले दृश्य देखकर लोगों को इस बात का भ्रम अवश्य हो सकता है। इतना कह सकता हूं कि अपार्टमेंट के प्रदर्शन के बाद इन दोनों की जोड़ी की हर कोई चर्चा करेगा।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले ईशा कोप्पिकर और अमृता अरोड़ा अभिनीत फिल्म गर्लफ्रेंड आई थी। उसमें दोनों अभिनेत्रियों के बीच गहरा प्रेम दिखाया गया था। इधर सुनने में आ रहा है कि नीतू अब सीधी-सादी और गंभीर भूमिकाएं निभाकर ऊब चुकी हैं। यही वजह है कि उन्होंने अपार्टमेंट में बोल्ड रोल करने का फैसला किया है। नीतू और तनुश्री के करीबी बताते हैं कि ये दोनों पहली बार साथ फिल्म में काम करने का मौका पाकर बेहद खुश हैं। शूटिंग के दौरान ये सेट पर अपने-अपने शहर से जुड़ी खूब बातें करती हैं। उनकी रिअल-लाइफ केमिस्ट्री अब इतनी अच्छी हो गई है कि शूटिंग के वक्त पता ही नहीं चलता है कि वे शॉट दे रही हैं या कुछ और कर रही हैं! इन दोनों की दोस्ती इन दिनों चर्चा में है।
उल्लेखनीय है कि नीतू चंद्रा पटना की हैं और तनुश्री दत्ता जमशेदपुर की। बहरहाल, दो सेक्सी अभिनेत्रियों का रोमांस दर्शकों के लिए निश्चित ही उत्सुकता का विषय हो सकता है। अब नीतू और तनुश्री की जोड़ी बिग स्क्रीन पर जूनियर बच्चन और जॉन अब्राहम जैसा कमाल कर पाती है या नहीं, यह अपार्टमेंट की रिलीज के बाद ही पता चलेगा, जिसके बारे में कहा गया है कि यह साल के अंत में रिलीज होगी।
-रघुवेंद्र सिंह

Wednesday, April 8, 2009

देश का नाम करेगे रोशन

आत्मविश्वास से भरपूर पूजा चोपड़ा (मिस इंडिया व‌र्ल्ड), एकता चौधरी , श्रिया किशोर (मिस इंडिया अर्थ) ने नेम, फेम एंड ग्लोरी की दुनिया में कदम आगे बढ़ा दिये है। पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करना अब उनका लक्ष्य है-
[सफलता का एकमात्र मंत्र मेहनत है]
मिस इंडिया व‌र्ल्ड का खिताब जीतने के बाद आत्मविश्वास से भरपूर पुणे की 23 वर्षीय पूजा चोपड़ा कहती है कि इंसान को सपने देखने चाहिए तथा उन्हें सच में बदलने के लिए खूब मेहनत करनी चाहिए। सपने वाकई सच होते हैं। पूजा ने कुछ वर्ष पहले मिस इंडिया बनने का सपना देखा था और आज वह उस सपने को जी रही हैं।
पूजा मानती हैं, किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए मेहनत की जरूरत होती है। उसके अलावा मेरे साथ मां का आशीर्वाद, दोस्तों का प्यार और लोगों की दुआएं थीं। तभी इस मुकाम पर मैं आ सकी।
वहीं मिस इंडिया यूनीवर्स एकता चौधरी कहती हैं, मेहनत और किस्मत के अलावा खुद में विश्वास, ईमानदारी, दोस्तों और परिवार का साथ मेरी जीत का राज है।
मिस इंडिया अर्थ 22 वर्षीय श्रिया किशोर भी मेहनत को जीवन की सफलता का एकमात्र आधार मानती है। वह कहती हैं, मैं यहां तक सिर्फ और सिर्फ मेहनत के बल पर पहुंची हूं। इसी मेहनत के बल पर मुझे और आगे जाना है।
[समाज सेवा के लिए ताज की जरूरत नहीं]
मिस इंडिया व‌र्ल्ड पूजा का मानना है कि समाज सेवा के लिए किसी ताज की जरूरत नहीं होती। पूजा कहती हैं, मैं पिछले दो वर्ष से पुणे के एक अनाथालय से जुड़ी हूं। वहां तीस-बत्तीस बच्चे हैं। मैं उनके लिए कुछ न कुछ करती रहती हूं। देश के हर युवा को समाज सेवा की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए। तब हमारे देश का भविष्य सुनहरा होगा। मैं नहीं चाहती कि लोग यह सोचें कि मैं मिस इंडिया बन गई हूं, इसलिए अब समाज सेवा करने जाऊंगी।
समाज के प्रति उत्तरदायिव निभाने के सवाल पर एकता कहती हैं, मैं भ्रूण हत्या, गरीबी, एड्स, कैंसर आदि के खिलाफ आवाज उठाऊंगी। मैं युवा पीढ़ी का ध्यान इन समस्याओं की तरफ आकर्षित करने की कोशिश करूंगी।
वहीं मुंबई के कांदिवली इलाके में पली बढ़ी श्रिया इस विषय में कहती हैं, यह ताज जीतने के बाद नई जिम्मेदारियां आ गई हैं और मैं उन्हें निभाने के लिए तैयार हूं। मैं वादे नहीं करूंगी। मेरे सामने जो समस्या आएगी, उसके निवारण के लिए अपना सौ प्रतिशत दूंगी।
[अभिनय में अभी नहीं आना]
आमतौर पर मिस इंडिया और मिस यूनिवर्स का ताज जीतने के बाद सुंदरियां हिंदी फिल्मों का रूख करती हैं, लेकिन पूजा, एकता और श्रिया इसकी अपवाद हैं। फेमिना मिस ब्यूटीफुल स्माइल और ब्यूटीफुल बॉडी का खिताब भी अपने नाम करने वाली पूजा फिल्मों में जाने के सवाल पर कहती हैं, मैं एक वर्ष तक फिल्मों के बारे में नहीं सोचूंगी। यह जरूरी नहीं है कि मिस इंडिया बनने के बाद हर लड़की एक्टिंग में जाए।
वहीं एकता कहती हैं, अभिनय मुश्किल कला है। हर कोई अभिनय नहीं कर सकता। मैं खुद को अभी अभिनय के लिए फिट नहीं मानती।
उधर श्रिया कहती हैं, मैंने फिल्मों के बारे में अभी नहीं सोचा है। मैं वर्तमान में जीती हूं। इस वक्त मैं अभिनय के बारे में कुछ नहीं कहना चाहती।
[लक्ष्य पर निगाहे]
इन तीनों का ही का लक्ष्य अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करना है।
मिस व‌र्ल्ड के लिये भारत का प्रतिनिधित्व करने को तैयार पूजा आत्मविश्वास से भरपूर होकर कहती है, मेरा लक्ष्य इस वर्ष का मिस व‌र्ल्ड का ताज जीतना है।
एकता चौधरी पूर्व मिस यूनीवर्स सुष्मिता सेन से प्रभावित है। उनकी तरह वह भी अपने सिर पर मिस यूनीवर्स का ताज सजाना चाहती है। वह कहती हैं, सुष्मिता सेन के बाद कोई लड़की मिस यूनिवर्स का ताज भारत न ला सकी।
श्रिया किशोर बताती हैं, पूजा और एकता की तरह मैं देश के लिए मिस अर्थ का ताज लाना चाहती हूं। हमारे पास तीन महीने का समय है। हम उस प्रतियोगिता के लिए जी-जान से मेहनत करेंगे और एक बार फिर देश को गौरवान्वित करेंगे।
-रघुवेन्द्र सिंह

Monday, April 6, 2009

आने से उसके आई बहार

अध्ययन सुमन और कंगना राणावत की प्रेम कहानी का आगाज दोस्ती से शुरू हुआ और उस दोस्ती ने प्रेम का रूप कब अपना लिया, यह हम दोनों को पता ही नहीं चला! इस वक्त अध्ययन और कंगना की गिनती फिल्म इंडस्ट्री के हॉट लव-कपल में की जा रही है। अध्ययन अपनी सबसे अच्छी दोस्त और गर्लफ्रेंड कंगना से उनके कैसे रिश्ते हैं, उस पर चर्चा कर रहे हैं तरंग से..
कंगना बिना अधूरा था : फिल्म इंडस्ट्री के गलियारों में ही मैं पला-बढ़ा हूं। बचपन से ही लड़कियां मेरी दोस्त हुआ करती थीं। अब तक के जीवन में मैं कभी कंगना जैसी लड़की से नहीं मिला था। वे जब से मेरी जिंदगी में आई हैं, सब कुछ अच्छा लगने लगा है और उनके आने से जिंदगी में बहार आ गई है। सच कहूं, तो पहले मुझे एक अजीब-सा अधूरापन महसूस होता था। लगता था कि जिंदगी में किसी चीज का अभाव है, लेकिन कंगना ने उस अधूरेपन को खत्म कर दिया है।
एक-दूसरे को समझते हैं : कंगना से मेरी मुलाकात फिल्म राज-द मिस्ट्री कंटीन्यूज की शूटिंग के दौरान हुई। पहली मुलाकात में ही मैं उनकी तरफ आकर्षित हो गया, लेकिन वे मुझसे सीनियर थीं, इसलिए उनके पास जाने की हिम्मत ही नहीं होती थी। मैं उन्हें छुप-छुप कर देखा करता और अपने दोस्तों से उनके बारे में बातें करता था, लेकिन एक कॉमन दोस्त ने मेरी पोल खोल दी। उसके बाद धीरे-धीरे हम दोनों की नजदीकियां बढ़ने लगीं। जब हम एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ गए, तो साथ-साथ चलने का फैसला कर लिया। अब न केवल मैं कंगना की हर पसंद-नापसंद को जानता हूं, बल्कि वे भी मुझे अच्छी तरह समझती हैं। सच कहूं, तो हम दोनों को एक-दूसरे का साथ भाता है।
करियर है प्राथमिकता : अभी हम दोनों की शादी करने की योजना नहीं है, क्योंकि अभी मेरे करियर की शुरुआत हुई है और कंगना इस वक्त तेजी से आगे भी बढ़ रही हैं। यही वक्त है, जब वे और ऊंचाई छू सकती हैं इसलिए ऐसे वक्त में हम शादी करके अपने करियर का सत्यानाश नहीं करना चाहते! वैसे, कंगना भी मुझे यही सलाह देती हैं। हमारे पास शादी करने के लिए काफी समय है। अभी हम लव-लाइफ को एंज्वॉय कर रहे हैं। हम दोनों के पैरेंट्स को भी जल्दबाजी नहीं है।
गर्व है : मैं गर्व महसूस करता हूं कि कंगना मेरी खास दोस्त हैं। उनके जैसी खुद्दार लड़कियां मैंने कम देखी हैं। उन्होंने अपने दम पर फिल्म इंडस्ट्री में जो मुकाम और पहचान बनाई है, वह दूसरों के लिए प्रेरणा हो सकती है। वे भारतीय संस्कारों में यकीन करती हैं। दूसरों का आदर करना जानती हैं। मैं चाहूंगा कि वे ऐसी ही रहें। प्रोफेशनल लाइफ में ऐसे ही आगे बढ़ती रहें और सफलता की नई ऊंचाइयां छूएं।

-रघुवेंद्र सिंह

शाहरुख-काजोल का प्रशंसक हूं-करण जौहर

करण जौहर की हर फिल्म का सिनेप्रेमियों को बेसब्री से इंतजार रहता है। यदि उस फिल्म में शाहरुख खान और काजोल की जादुई जोड़ी हो फिर तो उत्सुकता और बढ़ जाती है। करण जौहर कहते हैं, लंबे अंतराल के बाद मैं शाहरुख-काजोल फिल्म माई नेम इज खान में साथ लाने में सफल हुआ हूं। वे मेरे बेस्ट फ्रेंड हैं, लेकिन काम के मामले में हम सब प्रोफेशनल हैं।
करण जौहर की नयी फिल्म माई नेम इज खान की शूटिंग आरंभ हो चुकी है। हाल में वे न्यूयॉर्क से शाहरुख और काजोल के साथ फ‌र्स्ट शेड्यूल खत्म करके लौटे हैं। करण कहते हैं, माई नेम इज खान की कहानी रिजवान खान के इर्द-गिर्द घूमती है। वह खास किस्म की बीमारी का शिकार है। अभी मैं कहानी के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे सकता। इतना जरूर कहूंगा कि शाहरुख और काजोल के प्रशंसक उन्हें इसमें बिल्कुल जुदा अंदाज में देखेंगे। मैं शाहरुख और काजोल को लेकर इस फिल्म में नया प्रयोग कर रहा हूं।
करण जौहर लार्जर देन लाइफ सिनेमा के लिए लोकप्रिय हैं। अब वे छोटे बजट की फिल्मों के निर्माण में आने की तैयारी कर रहे हैं। करण कहते हैं, मैं नए निर्देशकों और नए कलाकारों के साथ छोटे बजट की फिल्में बनाने की योजना बना रहा हूं। मेरे होम प्रोडक्शन की अयान मुखर्जी निर्देशित वेकअप सिद उस क्षेत्र में पहला कदम है। रणबीर कपूर और कोंकणा सेन की उपस्थिति से मत समझिए कि बड़े बजट की फिल्म है।
[रघुवेंद्र सिंह]

खलनायिका बनेंगी सेलिना

सीधी-सादी और ग्लैमरस भूमिकाएं निभाकर लगता है कि खूबसूरत सेलिना जेटली ऊब चुकी हैं। तभी तो उन्होंने अब निगेटिव भूमिका करने का फैसला किया है। इस क्रम में उन्होंने पिछले दिनों मैग्ना फिल्म्स की एक्सीडेंट ऑन हिल रोड फिल्म साइन की।
मैग्ना फिल्म्स के प्रमुख नारी हीरा के अनुसार, एक्सीडेंट ऑन हिल रोड में पहली बार दर्शक सेलिना को निगेटिव भूमिका में देखेंगे। यह एक हॉलीवुड फिल्म का रीमेक है। ओरिजिनल फिल्म में जिस अभिनेत्री ने काम किया था, उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस के कई पुरस्कारों से नवाजा गया था। यह परफॉर्मेस ओरिएंटेड फिल्म है।
इस फिल्म के बारे में सेलिना बताती है कि इसमें वृद्धाश्रम की देखरेख करने वाली लड़की की भूमिका में दिखाई देंगी।
फिल्म की शूटिंग अप्रैल में ही शुरू हो जाएगी। पूरब कोहली फिल्म में उनके बॉयफ्रेंड बने हैं। फिल्म का निर्देशन करेगे महेश नायर। सेलिना लंबे समय से परफॉर्मेस ओरिएंटेड फिल्म के ऑफर के इंतजार में थीं। एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था, हिंदी फिल्मों में अभिनेत्रियों को ज्यादा करने के लिए कुछ नहीं होता है। यह देखकर निराशा होती है। अभिनेत्रियों को ध्यान में रखकर चुनिंदा फिल्मों का निर्माण किया जाता है। मुझे ऐसी फिल्म का इंतजार है, जिसकी पूरी कहानी मेरे आसपास घूमती हो।
[रघुवेंद्र सिंह]