Monday, November 3, 2008

बरकरार है शाहरुख का जलवा

[रघुवेंद्र सिंह]
शाहरुख खान का जलवा बॉलीवुड में आज भी कायम है। इंडस्ट्री में किंग खान की उपाधि को लेकर वे हमेशा ही चर्चा में रहते हैं। फिल्मों में उनके किरदार भी दर्शकों को झकझोरते रहे है। आज शाहरुख खान का जन्मदिन है। उनके करीबी बता रहे है खूबियां-
[मित्रता निभानी शाहरुख से सीखें]
पिछले चौदह वर्षों से शाहरुख के साथ काम कर रहे निर्देशक विवेक शर्मा कहते हैं, शाहरुख दोस्तों के दोस्त हैं। मैंने जब अपनी फिल्म भूतनाथ बनाने की योजना बनायी और शाहरुख से संपर्क किया तो उन्होंने बिना स्क्रिप्ट सुने हां कह दिया। निर्माता रवि चोपड़ा ने जब उनसे उनकी फीस के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि आप मेरे छोटे भाई को निर्देशक के तौर पर लांच कर रहे हैं, मुझे और कुछ नहीं चाहिए। शाहरुख कभी अपनी भावनाओं का इजहार नहीं करते। वे चुपचाप अपनों के लिए कुछ न कुछ करते रहते हैं। हां, यदि कोई उनके काम और उनकी मेहनत पर पानी फेरने का प्रयास करता है तो वे जरूर बुरा मानते हैं।
[आलोचनाओं से फर्क नहीं पड़ता]
शाहरुख खान को एक्टिंग में आए तीस साल पूरे हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन कभी असफलता एवं आलोचना से हिम्मत नहीं हारी। शून्य से सफर का आगाज करने वाले शाहरुख के बारे में उनके मित्र अर्जुन रामपाल कहते हैं, शाहरुख बहुत मेहनती और इंटेलीजेंट एक्टर हैं। वे कभी आलोचनाओं से डरते या घबराते नहीं हैं। वे चुपचाप अपना काम करते रहते हैं। उनके कॅरियर पर गौर करें तो पाएंगे कि वे हमेशा किसी न किसी विवाद में फंसे, लेकिन खामोशी से उनसे उबर भी गए। अर्जुन की बात को आगे बढ़ाते हुए विवेक शर्मा कहते हैं, शाहरुख मानते हैं कि चुप्पी विवादों से बचने का सबसे सरल उपाय है।
[नई चुनौतियों के लिए रहते हैं तैयार]
शाहरुख खान के व्यक्तित्व की बड़ी खासियत यह है कि वे हमेशा नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं। सफल अभिनेता बनने के बाद फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कदम रखना और फिर उनका क्रिकेट के बिजनेस में आना, इसका उदाहरण है। फिल्मकार अब्बास-मस्तान कहते हैं, शाहरुख बहुत साधारण इंसान हैं, लेकिन वे असाधारण सोच के मालिक हैं। वे हमेशा नई चुनौतियों के लिए तैयार रहते हैं। वे ऑल राउंडर हैं। यदि शाहरुख एक बार ठान लें कि उन्हें कोई काम करना है तो फिर वे उसे करके ही दम लेते हैं। पिछले दिनों उन्होंने सिक्स पैक एब बनाकर सबको चौंका दिया था। तैंतालीस साल की उम्र में यह करना आसान बात नहीं है। दरअसल, शाहरुख को हमेशा खुद पर विश्वास होता है और यदि इंसान को खुद पर विश्वास हो तो वह कुछ भी कर सकता है।
[शाहरुख ही हैं असली किंग]
ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श का कहना है, शाहरुख खान ओवरसीज के किंग हैं। इस बात में कोई दो राय नहीं है। उनकी फिल्मों का विदेशी बॉक्स ऑफिस पर जैसा कलेक्शन होता है, अब तक किसी अन्य कलाकार की फिल्म वैसा चमत्कार नहीं कर पायी हैं। जहां तक इंडियन बॉक्स-ऑफिस के किंग की बात है तो वह किसी एक कलाकार को नहीं कहा जा सकता। यहां हर शुक्रवार को दर्शक एक नए किंग का चयन करते हैं। जिसमें कभी किंग खान तो कभी किंग कुमार और कभी किंग रोशन का उदय होता है।
[रहेगा जलवा बरकरार]
रोमांस के किंग शाहरुख की बहुत जल्द यश कैंप की फिल्म रब ने बना दी जोड़ी प्रदर्शित होगी। इस फिल्म से दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के निर्देशक आदित्य चोपड़ा अपने पसंदीदा शाहरुख खान के साथ वापस आ रहे हैं। इसके अतिरिक्त शाहरुख अपनी होम प्रोडक्शन की फिल्म बिल्लो बार्बर, विवेक वासवानी की दूल्हा मिल गया और करण जौहर की फिल्म माय नेम इज खान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते दिखाई देंगे। अब्बास-मस्तान कहते हैं, शाहरुख हर जॉनर की फिल्म करने में माहिर हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि आने वाले दिनों में शाहरुख का जलवा बरकरार रहे।

No comments: