Monday, November 3, 2008

मैं भीड़ में नहीं खोना चाहता: गेवी चहल

[रघुवेंद्र सिंह]

पंजाबी फिल्मों के अभिनेता गेवी चहल कलर्स चैनल के देशभक्ति पर आधारित सीरियल मोहे रंग दे में राजबीर की भूमिका निभाते दिख रहे हैं। गेवी का यह पहला डेली सोप है। गेवी कहते हैं, यह देशभक्ति पर आधारित सीरियल है। इसकी कहानी सन् 1942 की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसके केंद्र में क्रांति और राजबीर है। क्रांति एक क्रांतिकारी लड़की है। सीरियल उस वक्त और रुचिकर हो जाता है जब राजबीर क्रांति से प्यार करने लगता है। जुदा सोच रखने वाले राजबीर और क्रांति की प्रेम कहानी ही सीरियल का आकर्षण है।
अभिनेता गेवी चहल का वास्तविक नाम नवदीपक सिंह है। लोग प्यार से उन्हें गेवी कहते हैं। गेवी पंजाब के पटियाला शहर से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपने कॅरियर की शरुआत मॉडलिंग से की थी। दरअसल, गेवी ने सन् 2000 में मिस्टर पंजाब का टाइटल जीता और उसके बाद उन्हें कभी पीछे मुड़कर देखने की आवश्यकता नहीं पड़ी। गेवी अब तक कई नामी ब्रांड के विज्ञापन, म्यूजिक वीडियोज और चार हिट पंजाबी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। गेवी कहते हैं, मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन अभिनय जगत का हिस्सा बनूंगा। मेरे पिता जी कॉलेज में प्रिंसिपल थे और मां सामान्य गृहणी हैं। इस दुनिया से दूर-दूर तक हमारा कोई नाता नहीं था। पंजाब में थोड़ी शोहरत मिली तो मेरी हिम्मत बढ़ी और मैं सन् 2005 में मुंबई आ गया। अब यही ख्वाहिश है कि अभिनय की दुनिया में ऊंचा मुकाम बनाऊं।
मिलनसार और खुशमिजाज स्वभाव के गेवी ने यश कैंप की मनमोहन सिंह निर्देशित पंजाबी फिल्म यारा नाल बहारां में नायक की मुख्य भूमिका निभायी है। गेवी कहते हैं, यश कैंप की फिल्म में काम करना मेरे लिए गर्व की बात है। मेरी दो अन्य फिल्में रिलीज होने वाली हैं। अब मैं हिंदी फिल्मों में नायक की भूमिका निभाना चाहता हूं।

No comments: