Monday, January 12, 2009

रावण में लक्ष्मण बनेंगे निखिल द्विवेदी | खबर

मुंबई। माई नेम इज एंथोनी गोंजाल्विस फेम अभिनेता निखिल द्विवेदी मणिरत्नम की चर्चित फिल्म रावण में लक्ष्मण की आधुनिक भूमिका में नजर आएंगे। ज्ञात हो, आजकल मणिरत्नम झांसी के निकट ओरछा स्थान पर दो हजार जूनियर कलाकारों के साथ रावण की शूटिंग कर रहे हैं।
यूनिट के एक सदस्य के मुताबिक, निखिल द्विवेदी ने 6 जनवरी को ओरछा में फिल्म की यूनिट को ज्वाइन किया। उन्हें फिल्म में लक्ष्मण की आधुनिक भूमिका के लिए साइन किया गया है। अभिषेक बच्चन की तरह उनका भी फिल्म में दिलचस्प लुक है। उन्हें लक्ष्मण की भूमिका के लिए अपने बाल एकदम छोटे करवाने पड़े हैं। उल्लेखनीय है, मणिरत्नम की फिल्म रावण में अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय बच्चन, गोविंदा, विक्रम, निखिल द्विवेदी, रवि किशन और तेजस्विनी कोल्हापुरे मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहा जा रहा है कि यह मणिरत्नम के करियर की सबसे उल्लेखनीय फिल्म है। मणिरत्नम ने सभी कलाकारों से विस्तृत अनुबंध साइन करवाया है। कोई भी कलाकार रिलीज से पूर्व फिल्म की कहानी एवं अपनी भूमिका के बारे में बात नहीं कर सकता है। निखिल मणिरत्नम के साथ काम करके बेहद उत्साहित हैं।
-रघुवेंद्र सिंह

No comments: