
-रघुवेंद्र सिंह
मुंबई। सफलता और शोहरत की बुलंदियां छू रहीं अभिनेत्री कैटरीना कैफ अब जल्द ही यशराज कैंप की एक फिल्म में शाहरूख खान के साथ अभिनय करती नजर आएंगी। कैटरीना कैफ को यह फिल्म यश चोपड़ा की तरफ से उनके जन्मदिन के तोहफे में मिली है। सूत्रों के मुताबिक, कैटरीना के जन्मदिन के दिन यश चोपड़ा ने फोन करके कैटरीना को जन्मदिन की बधाई दी एवं उन्होंने कैटरीना को उपहार में एक फिल्म दी। उन्होंने कहा कि उस फिल्म में उनके अपोजिट शाहरूख खान होंगे। यश चोपड़ा की तरफ से जन्मदिन के उपहार में शाहरूख के साथ फिल्म पाकर कैटरीना खुशी से फूली नहीं समा रही थीं। कैटरीना को जन्मदिन के अवसर पर मिले सभी उपहारों में उनके लिए यह एक खास उपहार था।
उल्लेखनीय है कि कैटरीना कैफ के पास यशराज कैंप की एक फिल्म पहले से है। इस फिल्म का निर्देशन कबीर खान कर रहे हैं और इसमें उनके अपोजिट जॉन अब्राहम और नील नितिन मुकेश हैं। फिलहाल कैटरीना कैफ को यह चिंता सता रही है कि उनकी जन्मदिन पार्टी में सलमान खान के साथ हुई लड़ाई के बाद शाहरूख उनके साथ यशराज कैंप की वह फिल्म करेंगे या नहीं।
No comments:
Post a Comment