Saturday, August 2, 2008

बैडमिंटन को बढ़ावा देंगी दीपिका

मुंबई। ओम शांति ओम गर्ल दीपिका पादुकोण का कहना है कि वे बैडमिंटन खेल को भारत में लोकप्रिय बनाना चाहती हैं। उल्लेखनीय है अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भूतपूर्व लोकप्रिय अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण की बेटी हैं और वे स्वयं अपने कॉलेज के दिनों में राज्य स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं। हाल में हुई मुलाकात में दीपिका ने अपने दिल की बात रखते हुए कहा, आज हमारे देश में क्रिकेट सबसे लोकप्रिय खेल है। इसके अलावा हॉकी नेशनल खेल होने की वजह से चर्चा में रहता है, जबकि बैडमिंटन अच्छा खेल होने के बावजूद आम लोगों के बीच लोकप्रिय नहीं हो पाया है। मैं अपने स्तर पर इसे भारत में जन-जन के बीच लोकप्रिय बनाने की भरपूर कोशिश करूंगी।
उल्लेखनीय है हाल में दीपिका अपने पापा प्रकाश पादुकोण के साथ मुंबई में बैडमिंटन खेलने उतरी थीं। अपना अनुभव बांटते हुए दीपिका ने कहा, मुझे खुशी हुई कि मेरी वजह से बैडमिंटन की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित हुआ। यह पहली बार हुआ जब अधिक संख्या में मीडिया के लोग बैडमिंटन खेल को कवर करने पहुंचे थे। अब मुझे लगता है कि मैं अपने पापा के साथ मिलकर इस खेल को बढ़ावा दे सकती हूं और मैं यह जरूर करूंगी।
-रघुवेंद्र सिंह

No comments: